news-details

प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर नाबालिग टावर पर चढ़ी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। मंगलवार को पुलिस कमिश्नर ऑफिस परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक नाबालिग लड़की करीब 50 फीट ऊंचे वायरलेस टावर पर चढ़ गई। वह अपने प्रेमी को जेल से छुड़ाने की मांग कर रही थी और नीचे उतरने से इनकार कर रही थी।सूचना मिलते ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन टाडा, डीसीपी हेडक्वार्टर दिनेश चंद्र त्रिपाठी और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी देर तक लड़की को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही और कूदने की धमकी देती रही।करीब एक घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद जब पुलिस आरोपी युवक को कोर्ट से लाकर उसके सामने पेश किया, तब जाकर वह टावर से नीचे उतरी और रोने लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे काउंसलिंग के लिए पुलिस लाइन भेज दिया, जबकि आरोपी युवक को वापस जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, मामला अक्टूबर 2025 का है जब सचेंडी थाना क्षेत्र से नाबालिग के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। जांच में बिठूर के युवक पर अपहरण का आरोप साबित हुआ, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में पीड़िता के मेडिकल के आधार पर पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई थीं और चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।पुलिस ने बताया कि युवक ने नाबालिग को ले जाने के बाद आर्य समाज मंदिर में शादी भी की थी। वहीं, लड़की की मां ने आरोप लगाया कि परिवार पर दबाव बनाया जा रहा था और उनकी बेटी को गुमराह किया गया है।