
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। पनकी पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले प्री-एक्टिवेटेड सिम बेचने वाले बड़े गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में सिम कार्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों तक साइबर ठगों को सिम उपलब्ध कराता था। आरोपियों ने टेलीकॉम एजेंसियों और कॉल सेंटर की आड़ में यह अवैध नेटवर्क चला रखा था।गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली, गाजियाबाद और हरियाणा के युवक शामिल हैं, जो अलग-अलग फर्मों के जरिए एयरटेल, वोडाफोन समेत अन्य कंपनियों के सिम थोक में उपलब्ध कराते थे। ये सिम 500 से 700 रुपये में बेचकर साइबर ठगों को ओटीपी के जरिए एक्टिव किए जाते थे।पुलिस ने मौके से 12,383 प्री-एक्टिवेटेड सिम, लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि ये सिम टेलीग्राम, व्हाट्सएप और ऑनलाइन डिमांड के जरिए साइबर ठगों तक पहुंचाए जाते थे।पुलिस कमिश्नर के अनुसार, मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।