
Pardarshi Vikas News Gonda
भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को जिले का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए हीटवेव यानी लू का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि 28 और 29 अप्रैल को हल्की राहत मिल सकती है और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है। बुधवार को जिले का तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आमजन का जनजीवन प्रभावित हो गया है। लोग गमछा, टोपी और चश्मे का सहारा लेकर घरों से बाहर निकल रहे हैं। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है।
जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने लोगों से दोपहर में अनावश्यक बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है।