news-details

पेपर लीक और देरी से भर्ती प्रक्रिया पर उठाए सवाल

You can share this post!

 

पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। इको गार्डन में प्रदेशभर से आए प्रतियोगी अभ्यर्थियों ने भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, पेपर लीक और लंबी देरी के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब 6 हजार से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन का नेतृत्व ऑनलाइन कोचिंग प्लेटफॉर्म ‘एग्जामपुर’ के फाउंडर विवेक कुमार ने किया। सबसे अधिक संख्या प्रयागराज सहित विभिन्न जिलों के छात्रों की रही।प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि वे कई वर्षों से UPSC और PCS जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन बार-बार होने वाली देरी और पेपर लीक की घटनाओं ने उनका भविष्य अधर में डाल दिया है। कई अभ्यर्थियों ने भावुक होकर बताया कि वे वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं, घरवालों के सवालों और सामाजिक दबाव का सामना कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सफलता नहीं मिल पा रही है।अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रियाएं समय पर पूरी नहीं होतीं और कई बार परीक्षाएं आयोजित होने के बाद पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आती हैं, जिससे पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। उनका कहना है कि इससे न केवल समय और मेहनत बर्बाद होती है, बल्कि मानसिक तनाव भी बढ़ता है।छात्रों ने लेखपाल और UPSI परीक्षाओं में अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए स्कोर कार्ड जारी करने और कुछ परीक्षाओं के पुनः आयोजन की मांग की। वहीं कई अभ्यर्थियों ने यह भी कहा कि बार-बार री-एग्जाम समाधान नहीं है, बल्कि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और मजबूत बनाना जरूरी है।प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने यह भी कहा कि वे किसी राजनीतिक पक्ष से नहीं जुड़े हैं, उनका एकमात्र उद्देश्य रोजगार और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली है। उन्होंने सरकार से मांग की कि भर्ती प्रक्रियाओं में जवाबदेही तय की जाए और भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को पूरी तरह रोका जाए।