
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। नयी दिशा पर्यावरण सेवा संस्थान द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे पौधरोपण अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को बुद्ध नगरी कुशीनगर के सुखारीछपरा में स्वर्गीय बद्री नारायण पाठक की पुण्य स्मृति में भावपूर्ण पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उनके परिजनों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने पौधे रोपित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।इस अवसर पर वातावरण श्रद्धा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी के भाव से ओतप्रोत रहा। उपस्थित लोगों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल प्रकृति के प्रति दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का माध्यम भी है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. गौरव तिवारी ने कहा कि किसी प्रियजन की स्मृति को चिरस्थायी बनाने और समाज को सकारात्मक संदेश देने के लिए पौधरोपण से बेहतर कोई विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं और इनके बिना स्वस्थ एवं संतुलित पर्यावरण की कल्पना अधूरी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के विशेष अवसरों पर एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।कार्यक्रम में स्वर्गीय बद्री नारायण पाठक के पुत्र धर्मेंद्र पाठक, हरेंद्र पाठक एवं अजीत पाठक सहित अंश पाठक, आयुष्मान पाठक, प्रभात शर्मा, नयी दिशा के उपाध्यक्ष इंद्र कुमार मिश्र, सचिव डॉ. हरिओम मिश्र तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।पौधरोपण के साथ सभी ने हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।