
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। शुक्लागंज की पोनी रोड चौड़ीकरण परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों में 8 मीटर और 9 मीटर चौड़ीकरण को लेकर बनी असमंजस की स्थिति के बीच सदर विधायक पंकज गुप्ता गुरुवार को मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय निवासियों और दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।दरअसल, पीडब्ल्यूडी की ओर से 9 मीटर चौड़ीकरण के संबंध में कई मकानों और दुकानों पर नोटिस चस्पा किए जाने के बाद लोगों में अपने भवनों के प्रभावित होने की चिंता बढ़ गई थी। इसे लेकर क्षेत्र में विरोध और भ्रम की स्थिति बनी हुई थी।मौके पर पहुंचे विधायक पंकज गुप्ता ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पोनी रोड का चौड़ीकरण 8 मीटर तक ही किया जाएगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जरूरत के हिसाब से 8 मीटर सड़क पर्याप्त है।विधायक के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, अब सभी की निगाहें पीडब्ल्यूडी के आधिकारिक आदेश पर टिकी हैं, जिससे चौड़ीकरण की अंतिम सीमा स्पष्ट हो सके। इस दौरान विधायक ने अधिकारियों से भी जनहित को ध्यान में रखते हुए कार्य करने की बात कही।
