
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर।
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत कुशीनगर पुलिस ने सराहनीय पहल की है। थाना कोतवाली पडरौना स्थित मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने प्रभावी काउंसलिंग और आपसी संवाद के जरिए लंबे समय से चल रहे पति-पत्नी के विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कराया। दोनों पक्षों के बीच सुलह होने के बाद पति-पत्नी ने साथ रहकर वैवाहिक जीवन सुखपूर्वक व्यतीत करने पर सहमति जताई।पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान 6.0 के अंतर्गत महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पडरौना कोतवाली क्षेत्र के एक दंपती के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने पहल की प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर दोनों पक्षों के सदस्यों को थाने पर बुलाया गया। यहां टीम ने धैर्यपूर्वक दोनों पक्षों की बातें सुनीं और आपसी मतभेद के कारणों को समझने का प्रयास किया। काउंसलिंग के दौरान टीम ने दोनों को आपसी समझ, संवाद और पारिवारिक रिश्तों के महत्व के बारे में समझाया। सकारात्मक बातचीत और कुशल मध्यस्थता के बाद पति-पत्नी के बीच सहमति बन गई।दोनों ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने तथा अपना वैवाहिक जीवन बेहतर ढंग से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। पुलिस की इस पहल से पारिवारिक विवाद का शांतिपूर्ण समाधान संभव हो सका।इस सराहनीय कार्य में महिला उपनिरीक्षक प्रिंसी पाण्डेय, महिला कांस्टेबल नीलू कुमारी, महिला कांस्टेबल सुरभि पटेल और महिला कांस्टेबल अंजली सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।कुशीनगर पुलिस की यह पहल दर्शाती है कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई के साथ-साथ संवाद, संवेदनशीलता और काउंसलिंग के माध्यम से पारिवारिक विवादों का समाधान करने का भी प्रयास किया जा रहा है।