
Pardarshi Vikas News Jhansi
पुलिस विभाग में मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबी जीटीएस मूर्ति ने एक साथ 370 सिपाहियों और 15 ड्राइवरों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। जिले में पहली बार इतने बड़े स्तर पर पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण से विभाग में हलचल मच गई है।
बताया गया है कि एक वर्ष से अधिक समय से थानों, चौकियों और विभिन्न इकाइयों में तैनात पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मियों को हटाकर विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और सक्रियता लाने की कोशिश की गई है।
इस तबादला सूची का सबसे ज्यादा असर प्रेमनगर थाने पर पड़ा, जहां 38 पुलिसकर्मियों को बदला गया है। इसके अलावा कोतवाली से 31, सीपरी बाजार से 29, नवाबाद से 25, रक्सा से 21, महिला थाना से 18, बबीना से 16 तथा सदर बाजार से 15 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है। अन्य कई थाने भी इस सूची में शामिल हैं।
थानों की व्यवस्था संभालने वाले कारखासों को भी दूसरे स्थानों पर भेजा गया है। माना जा रहा है कि यह कदम पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने और जवाबदेही बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है। एसएसपी ने सभी स्थानांतरित कर्मियों को शीघ्र नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।