
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने अतिरिक्त रैक रिजर्व रखी हैं और प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं लागू की हैं।उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा विशेष (एग्जाम स्पेशल) ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, इटावा और मिर्जापुर स्टेशनों पर अतिरिक्त रैक उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल विशेष ट्रेनें चलाई जा सकें।कानपुर सेंट्रल सहित प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। टिकट काउंटर, पूछताछ केंद्र और प्लेटफॉर्मों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। स्टेशन परिसर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी मॉनिटरिंग टीमों को भी सक्रिय किया गया है।सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। जरूरत पड़ने पर स्टेशन पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग गेटों की व्यवस्था भी लागू की जा सकती है।रेलवे प्रशासन ने बताया कि परिस्थितियों के अनुसार कुछ नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त ठहराव, समय परिवर्तन अथवा ट्रेन विस्तार जैसी व्यवस्थाएं भी की जा सकती हैं। अभ्यर्थियों से समय से स्टेशन पहुंचने, वैध टिकट लेकर यात्रा करने तथा रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।