
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के पुठरी गांव में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से 30 वर्षीय काजल की मौत हो गई। बताया गया कि काजल घर में खाना बना रही थीं, तभी कमरे में चल रहा फर्राटा पंखा अचानक उनके ऊपर गिर गया। परिजनों के अनुसार, पंखे में करंट उतरने के कारण वह उसकी चपेट में आ गईं और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं। आनन-फानन में परिजन उन्हें डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर अभय श्रीवास्तव ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी। मृतका के जेठ पवन कुमार ने बताया कि हादसा अचानक हुआ। काजल के पति शेर सिंह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। काजल अपने पीछे पति और तीन छोटे बच्चों—9 वर्षीय रोहन तथा 6 वर्षीय जुड़वा बच्चे परी और राघव—को छोड़ गई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।