
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। कैंट क्षेत्र स्थित दिलकुशा ब्लॉक हट के पास शुक्रवार दोपहर बड़ा रेल हादसा टल गया। अमृतसर से हावड़ा जा रही पंजाब मेल (ट्रेन संख्या 13006) के रास्ते में रेलवे ट्रैक पर करीब 50 किलो वजनी लोहे का एंगल रख दिया गया था। ट्रेन के गुजरने के दौरान यह एंगल इंजन के नीचे फंस गया, हालांकि लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।घटना करीब दो बजे की बताई जा रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, लोको पायलट ने ट्रैक पर भारी वस्तु देखी और सतर्कता दिखाते हुए गति कम की, लेकिन इसके बावजूद इंजन टकरा गया और लोहे का एंगल उसमें फंस गया। सूचना मिलते ही रेलवे और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक से एंगल हटाकर उसे कब्जे में ले लिया।वरिष्ठ खंड अभियंता (रेलपथ) राजकिशोर मिश्र ने मामले में कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।प्राथमिक जांच में इसे शरारती तत्वों की हरकत माना जा रहा है, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट किया गया है। रेलवे और पुलिस की संयुक्त टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।गौरतलब है कि इससे पहले भी लखनऊ और आसपास के इलाकों में ट्रैक पर लोहे की वस्तुएं और बाधाएं रखकर ट्रेन हादसे की कोशिश की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें लोको पायलटों की सतर्कता से बड़े हादसे टल गए थे।