news-details

पागल कुत्ते का हमला, रिक्शा चालक घायल

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Auraiya

अछल्दा विकासखंड क्षेत्र में शुक्रवार को एक पागल कुत्ते ने रिक्शा चालक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोगों में भय व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, रुरुकला गांव निवासी रामनरेश पुत्र नाथूराम अपने रिक्शे से अछल्दा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक पागल कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया और दौड़ाकर कई जगह काट लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बचाया।

घायल रामनरेश को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। स्टाफ नर्स आराधना ने उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाकर प्राथमिक इलाज शुरू किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा और खतरनाक कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे राहगीरों और बच्चों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे कुत्तों को पकड़ने और नियंत्रण के लिए अभियान चलाने की मांग की है।

सीएचसी अछल्दा के आंकड़ों के अनुसार 1 अप्रैल से 17 अप्रैल तक कुल 549 लोगों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए हैं, जो कुत्तों के काटने की बढ़ती घटनाओं को दर्शाता है।