
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जुलाई में प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को लेकर कोर कमेटी की बैठक आयोजित कर रणनीति तैयार की गई और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे की तारीख तय होते ही स्वागत, सुरक्षा समन्वय, भीड़ प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस दौरे के दौरान शहर को कई विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की संभावना जताई जा रही है।बैठक में कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आयोजन को सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन ने पहले से तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि तारीख घोषित होने के बाद व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे।भाजपा की ओर से कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं के पहुंचने, बैठने, आवागमन, पार्किंग और स्वागत व्यवस्था को लेकर योजना बनाई जा रही है। अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।संगठन ने कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए 3 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाने की तैयारी की है। ये कार्यकर्ता स्वागत, भीड़ नियंत्रण और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे।