
शांतोदय तीर्थ क्षेत्र, चांदपुर जहाजपुर धोर्रा में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य शुभारंभ घटयात्रा और आकर्षक शोभायात्रा के साथ हुआ। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में आयोजित धर्मसभा में मुनि सुधासागर ने कहा कि तप-साधना केवल मोक्ष प्राप्ति के लिए ही नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर और सार्थक बनाने के लिए भी आवश्यक है। महोत्सव का आरंभ ससंघ के मंगल प्रवेश से हुआ। सैपुरा से निकली भव्य शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट और महिला संगठनों की आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से स्वागत किया। आयोजन स्थल पर ध्वजारोहण का सौभाग्य आलोक और नीलेश चौधरी को प्राप्त हुआ, जबकि सभा मंडप का उद्घाटन राकेश बरया द्वारा किया गया। प्रतिष्ठाचार्य के निर्देशन में मंत्रोच्चार के साथ मंडप शुद्धि, प्रतिष्ठा और गर्भ कल्याणक की पूर्वार्ध क्रियाएं सम्पन्न हुईं। यागमंडल विधान, अभिषेक, पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निशुल्क बस सेवा और भोजन व्यवस्था भी सुनिश्चित की है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।