
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। जय श्री कृष्णा फाउंडेशन (JSK) के 16वें स्थापना दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय 'पंचामृत उत्सव-2026' का समापन काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन में भव्य सांस्कृतिक संध्या के साथ हुआ। समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। काशी की परंपरा के अनुसार उनका स्वागत किया गया तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद फाउंडेशन की 16 वर्षों की सामाजिक यात्रा और सेवा कार्यों पर आधारित प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में फिल्म मैंने प्यार किया के गीतों पर प्रस्तुतियों, फैशन शो और विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। फैशन शो में काशी की संस्कृति और भारतीय परंपरा की झलक देखने को मिली।अपने संबोधन में भाग्यश्री ने कहा कि काशी की मिट्टी में संस्कार बसते हैं। उन्होंने फाउंडेशन की सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति और व्यक्तित्व विकास की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए ऐसे प्रयास प्रेरणादायी हैं। उन्होंने लोगों से जीवन में संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी को अपनाने का आह्वान किया।फाउंडेशन के संस्थापक संजीव अग्रवाल ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, प्रतिभागियों, प्रशासन और मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय उत्सव में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को जोड़ने का प्रयास किया गया।समारोह में विभिन्न सहयोगियों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। अंत में फाउंडेशन के थीम सॉन्ग और 'हर-हर महादेव' तथा 'जय श्री कृष्ण' के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।