
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम राजेपुर राठौरी में मंगलवार सुबह एक पीआरडी जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।मृतक की पहचान धीरेंद्र सिंह पुत्र जोगराज सिंह के रूप में हुई है, जो प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) में तैनात थे। परिजनों के अनुसार धीरेंद्र सिंह ने सुबह अपने घर के बाहर आम के पेड़ पर सफेद गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना पीआरबी 5604 के माध्यम से राजेपुर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।थाना पुलिस ने परिजनों से तहरीर प्राप्त कर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।