news-details

ओवरफ्लो नालियों से सड़कें बनी तालाब, ग्रामीण परेशान

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS बाराबंकी के निन्दुरा क्षेत्र में नालियों के ओवरफ्लो होने से सड़कों पर गंदा पानी भर गया है। जलभराव और गंदगी के कारण ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि नालियों में कचरा फंसने और नियमित सफाई नहीं होने से यह समस्या लगातार बनी हुई है।सड़कों पर फैले गंदे पानी से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है। जलभराव और कीचड़ के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और पैदल राहगीरों को हो रही है, जिन्हें गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कई जगह पेयजल पाइपलाइनें नालियों के बीच से गुजर रही हैं। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण घरों में दूषित पानी पहुंचने की आशंका बनी हुई है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत की ओर से नालियों की सफाई तो कराई जाती है, लेकिन निकाला गया कूड़ा नालियों के किनारे ही छोड़ दिया जाता है। इससे कुछ ही दिनों में फिर नालियां जाम हो जाती हैं और जलभराव की समस्या दोबारा खड़ी हो जाती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है।