news-details

ऑपरेशन टेबल से उठी मौत की गूंज!

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो  कसया, कुशीनगर। कसया के लुना हॉस्पिटल में पित्त की थैली के ऑपरेशन के लिए भर्ती कराई गई 26 वर्षीय महिला की मौत के बाद गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतका के पति ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।भरौली निवासी मोहम्मद तसलीम अंसारी के अनुसार उनकी पत्नी नर्गिस खातून को पथरी की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने पहले ऑपरेशन अगले दिन होने की बात कही, लेकिन बाद में सर्जन के पहुंचने से पहले ही मरीज को ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर प्रक्रिया शुरू कर दी। परिजनों का दावा है कि कुछ ही देर बाद उन्हें बताया गया कि महिला की हालत बिगड़ गई है और उसे दूसरे अस्पताल ले जाना होगा।परिवार के लोगों का कहना है कि जब वे नर्गिस को लेकर अन्य अस्पतालों में पहुंचे तो वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।मृतका अपने पीछे छह माह का मासूम बेटा छोड़ गई है। परिवार का आरोप है कि यदि समय पर योग्य चिकित्सक की निगरानी में उपचार किया जाता तो महिला की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोग निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।हालांकि अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, कसया पुलिस का कहना है कि मृतका के पति की ओर से शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।अब सभी की निगाहें जांच पर टिकी हैं। यदि परिजनों के आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला चिकित्सा लापरवाही का बड़ा उदाहरण साबित हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की पड़ताल में जुटी है।