
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के घड़ीरमपुरा गांव के एक नीट अभ्यर्थी की कथित तौर पर हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि परीक्षा की आंसर-की में अपेक्षा से कम अंक मिलने के बाद छात्र गहरे सदमे में आ गया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। छाती में तेज दर्द की शिकायत होने पर उसे तुरंत आगरा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान विमल वर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आंसर-की जारी होने के बाद विमल ने अपने उत्तरों का मिलान किया और अनुमानित अंक उम्मीद से कम मिलने पर वह काफी निराश हो गया। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक उसकी जान नहीं बचा सके।विमल के पिता संतोष वर्मा मध्य प्रदेश में प्राथमिक शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा राजस्थान के कोटा में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। पिछले वर्ष भी उसने परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त किए थे, लेकिन परीक्षा रद्द होने के कारण उसे दोबारा परीक्षा देनी पड़ी। छात्र की असमय मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।