
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र स्थित डिफेंस कोचिंग के हॉस्टल में NDA की तैयारी कर रहे 16 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र की मौत के बाद परिजन लखनऊ पहुंचे और कोचिंग संचालकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है।मृतक छात्र की पहचान हाथरस के मुल्तान गेट निवासी रोहित शर्मा के रूप में हुई है। उसके पिता हरीश शर्मा कासगंज में सहायक लेखा अधिकारी के पद पर तैनात हैं। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे रोहित के दोस्तों ने फोन कर बताया कि वह हॉस्टल की छत से गिर गया है। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पिता हरीश शर्मा का आरोप है कि उनका बेटा हॉस्टल की पहली मंजिल पर रहता था, फिर वह पांचवीं मंजिल तक कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि जिस छत से गिरने की बात कही जा रही है, वहां निर्माण कार्य चल रहा था और सुरक्षा के लिए बाउंड्री या रेलिंग भी नहीं लगी थी।परिजनों का कहना है कि रोहित के कमरे में उसका मोबाइल मिला, जबकि घटना स्थल पर उसकी चप्पल नहीं मिली। उन्होंने आशंका जताई कि मामले की पूरी जांच सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर की जानी चाहिए।पिता ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद रोहित काफी देर तक जमीन पर पड़ा रहा और हॉस्टल प्रबंधन की ओर से समय पर मदद नहीं मिली। साथी छात्रों की सूचना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।वहीं, बंथरा थाना प्रभारी राणा राजेश सिंह ने बताया कि छात्र की मौत छत से गिरने के कारण हुई है। पिता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी। परिवार में छात्र के माता-पिता के अलावा भाई और बहन हैं।