
Pardarshi Vikas News Etawah
इटावा जिले के महेवा विकास खंड स्थित नवादा खुर्दकला गांव में अमृत सरोवर योजना के तहत बना तालाब भीषण गर्मी में सूखा पड़ा है। तालाब में पानी न होने से ग्रामीणों, पशु-पक्षियों और आवारा जानवरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य गेट पर ताला लगे होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
वर्ष 2023 में जिला पंचायत निधि से इस सरोवर का निर्माण कराया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि योजना का उद्देश्य जल संरक्षण और गांवों में जल स्रोत उपलब्ध कराना था, लेकिन वर्तमान स्थिति में तालाब पूरी तरह सूखा पड़ा है। इससे पशु-पक्षियों को पानी नहीं मिल पा रहा और ग्रामीण भी सुबह-शाम यहां बैठने या उपयोग करने नहीं आ पा रहे हैं।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अंशू चौहान ने बताया कि मामले की शिकायत प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी इटावा तक की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं पूर्व प्रधान पन्नालाल दोहरे ने कहा कि यह सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, लेकिन धरातल पर इसकी अनदेखी साफ दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में तालाब में पानी भरवाया जाना जरूरी था, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया।
खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बृजबिहारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। सचिव से वार्ता कर जल्द ही तालाब में पानी भरवाया जाएगा और गेट का ताला भी खुलवाया जाएगा।