
pardarshi vikas news kushinagar
सुकरौली क्षेत्र स्थित कंपोजिट विद्यालय सिहुलिया में सोमवार को आयोजित “नवारंभ उत्सव” के तहत बालवाटिका एवं स्कूल अभिनन्दन समारोह पूरे गांव के लिए एक यादगार आयोजन बन गया। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के चिन्हांकन और नामांकन अभियान में अभिभावकों व ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद नन्हे बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवमय बना दिया। स्वागत गीत, मनमोहक नृत्य और सामाजिक संदेशों से भरपूर लघु नाटिकाओं ने दर्शकों का दिल जीत लिया। “बेटी हूं मैं, मैं भी पढ़ूंगी” जैसी प्रस्तुति ने विशेष रूप से तालियां बटोरीं, वहीं पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता पर आधारित प्रस्तुतियों ने लोगों को सोचने पर मजबूर किया।विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर अभिभावकों को नई शिक्षा नीति के अंतर्गत बालवाटिका की भूमिका और बच्चों के समग्र विकास के महत्व से अवगत कराया। शिक्षकों ने प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने की अपील की।कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण बच्चों को विद्यालय नामांकित आकर्षक टी-शर्ट का वितरण रहा, जो इंजीनियर पप्पू पाल के सौजन्य से किया गया। टी-शर्ट पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और अभिभावकों ने इस पहल की जमकर सराहना की।इस आयोजन में प्रभारी प्रधानाध्यापिका शशि कला, सहायक अध्यापिका मीना सिंह, रिचा सिंह, सायमा रहमान और शिक्षामित्र विजय प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।समारोह के अंत में प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बच्चों की मुस्कान और सकारात्मक माहौल के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जो यह संदेश दे गया कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सशक्त नींव है।