
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर। कानपुर नगर के नवागंतुक जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) प्रवीण कुमार तिवारी का भारतीय जनता पार्टी शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. दिवाकर मिश्र ने अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की समस्याओं तथा विद्यालयों के संचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। गौरतलब है कि प्रवीण कुमार तिवारी ने हाल ही में कानपुर नगर के जिला विद्यालय निरीक्षक के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया है। पदभार संभालने के बाद विभिन्न संगठनों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों द्वारा उनसे मुलाकात का क्रम जारी है। इसी कड़ी में भाजपा शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने उनसे भेंट कर जिले की शैक्षिक स्थिति पर विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान डॉ. दिवाकर मिश्र ने शिक्षकों के समक्ष आने वाली विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों को विस्तार से रखा। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के विद्यालयों की वर्तमान स्थिति, शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। दोनों पक्षों के बीच शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और विद्यालयों में आवश्यक सुधारों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। इसके अलावा कानपुर नगर से जुड़े विभिन्न ज्वलंत शैक्षिक एवं प्रशासनिक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय संयोजक डॉ. अजय मोहन शुक्ला, कानपुर उत्तर के जिला संयोजक अतुल दीक्षित तथा कानपुर दक्षिण के जिला संयोजक बी.एल. पांडे भी उपस्थित रहे।