
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने गए दो बच्चे तेज बहाव और गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।जानकारी के अनुसार, नयापुरवा मजरा हलिया गांव निवासी 12 वर्षीय भूरी (पुत्री सुनील) और 16 वर्षीय अनंतराम (पुत्र पृथ्वी) नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान भूरी अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए अनंतराम भी नदी में कूद पड़ा, लेकिन दोनों ही पानी के तेज बहाव में बह गए।दोनों बच्चों के डूबने की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दौरान भूरी की मां भी अपनी बेटी को बचाने के प्रयास में नदी में उतर गईं और खुद भी डूबने लगीं, हालांकि ग्रामीण अशोक ने उन्हें किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। बाद में राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है।फिलहाल दोनों बच्चों की तलाश जारी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने हर संभव प्रयास कर बच्चों को खोजने की बात कही है।