
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बोरा फाउंडेशन एवं सेवा अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को गायत्री नगर, फैजुल्लागंज स्थित नटवीर बाबा मज़ार परिसर में 71वें नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।शिविर के दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन और सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। चिकित्सा विशेषज्ञों ने मरीजों की समस्याएं सुनकर आवश्यक परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया। शिविर में कुल 181 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में 78 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।शिविर में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया। किरन देवी को ब्लड प्रेशर और शुगर संबंधी समस्या, देवेंद्र नाथ को बीपी और शुगर, बबीता शुक्ला को सर्दी-खांसी तथा रजनी देवी को पैरों की समस्या के लिए चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा जीवन लाल, माया देवी, ज्ञानवती, रोमी, दिनेश मिश्रा, लल्लू राम समेत कई अन्य लोगों ने भी जांच और उपचार का लाभ लिया।मेडिकल टीम ने लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया। शिविर में मिली स्वास्थ्य सुविधाओं और निःशुल्क दवा वितरण से लाभार्थियों ने संतोष व्यक्त किया तथा बोरा फाउंडेशन और सेवा अस्पताल की टीम का आभार जताया।आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जाती रहेंगी।