
Pardarshi Vikas News Kanpur
ग्वालटोली थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक कांस्टेबल शराब के नशे में सड़क पर हंगामा करता मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह राहगीरों से उलझ रहा था और गाली-गलौज कर रहा था। कुछ देर बाद नशे में धुत कांस्टेबल फुटपाथ पर ही लेट गया। स्थानीय लोगों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।घटना ग्रीनपार्क चौराहे के पास की है। कांस्टेबल योगेंद्र प्रताप सिंह फुटपाथ किनारे शराब की बोतल लेकर लोगों से अभद्रता करता नजर आया। करीब 15 से 20 मिनट तक हंगामा करने के बाद वह वहीं फुटपाथ पर सो गया।मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही ग्वालटोली पुलिस पहुंची और मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई।एसीपी लाइन आनंद ओझा ने बताया कि कांस्टेबल डायल-112 में तैनात था। रविवार को ही उसकी तैनाती लाइन में की गई थी, जिसके बाद उसे क्यूआरटी टीम में लगाया गया था। ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर उसकी गैरहाजिरी तस्करा में दर्ज की गई है। मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।