
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा के नरहौली गांव में भारतीय किसान यूनियन (सुनील) अराजनैतिक महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष मीना ठाकुर के नेतृत्व में ग्रामीणों और किसानों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रदर्शनकारी गांव में जलभराव, गंदगी और कथित अवैध गतिविधियों के विरोध में प्रशासन के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।मीना ठाकुर ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होगी, धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि प्रशासनिक अधिकारी और मथुरा सांसद हेमा मालिनी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनें।उन्होंने आरोप लगाया कि नरहौली गांव में लंबे समय से गांजा और स्मैक की बिक्री हो रही है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। साथ ही भरतपुर रोड स्थित कुछ होटल और ढाबों पर कथित रूप से अवैध गतिविधियां संचालित होने का भी आरोप लगाया गया। उन्होंने इन गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि नालियों और पुलियाओं की सफाई न होने से गांव में जलभराव और गंदगी की गंभीर समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।धरने में शामिल लोगों ने गांव की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने, स्कूल के पास स्थित भांग और शराब के ठेकों को हटाने तथा ढाबों और रेस्टोरेंटों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।