
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। नगर के मुंशीगंज रोड स्थित छोटी मस्जिद के पास शुक्रवार दोपहर नमाज पढ़कर घर लौट रहे दो युवकों पर नकाबपोश दबंगों ने डंडे से हमला कर दिया। हमले में चांद बाबू के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।लोटनशाह तकिया मोहल्ला निवासी चांद बाबू पुत्र असलम अली अपने चचेरे भाई सादाब के साथ जामा मस्जिद से नमाज पढ़कर घर लौट रहा था। बाइक खराब होने के कारण दोनों उसे पैदल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान चंदुल आरा मशीन गली के पास नकाबपोश युवकों ने दोनों पर डंडे से हमला कर दिया।घायल चांद बाबू को स्थानीय लोगों ने सीएचसी अमेठी पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।