
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के नजदीक आते ही शहरकाजी हादी अब्दुल कुद्दूस ने शहरवासियों से त्योहार को अमन, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि 28 मई को होने वाली ईद की नमाज मस्जिदों और ईदगाहों के भीतर ही अदा की जाए तथा सड़क पर नमाज न पढ़ी जाए और सरकार की गाइडलाइन का पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि बकरीद कुर्बानी का त्योहार है, इसलिए इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी न की जाए। कुर्बानी खुले में न करके निर्धारित और बंद स्थानों पर ही की जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।शहरकाजी ने यह भी अपील की कि 28 से 30 मई तक चलने वाले कुर्बानी के दौरान गोश्त को खुले में न ले जाकर पैकेट में ही रखा जाए और वितरण भी व्यवस्थित तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शहर को साफ-सुथरा रखना सभी की जिम्मेदारी है, इसलिए कुर्बानी के अवशेष और गंदगी को नगर निगम द्वारा निर्धारित कंटेनरों में ही डाला जाए।उन्होंने प्रशासन के साथ समन्वय की बात भी कही और कहा कि बाहर से आने वाले जानवरों को अनावश्यक रूप से न रोका जाए तथा पशु बाजारों में व्यवस्थाएं सुचारु रखी जाएं। साथ ही लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में पुलिस या प्रशासन को सूचना देने की अपील की।शहरकाजी ने कहा कि त्योहार को भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाना ही असली संदेश है।