
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र में बुधवार को नहर विभाग की सरकारी जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने बुलडोजर कार्रवाई की। भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी में कल्याणपुर आईआईटी सोसाइटी से टूटी पुलिया बम्बा रोड तक सरकारी भूमि पर बने पक्के और कच्चे अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए गए।अधिकारियों के अनुसार, नहर विभाग की जमीन पर लंबे समय से दुकानें, टीनशेड, चबूतरे, बाउंड्रीवाल और अन्य निर्माण कर अवैध कब्जा किया गया था। कब्जाधारियों को कई बार नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए, लेकिन पालन न होने पर संयुक्त अभियान चलाया गया।कार्रवाई के दौरान जेसीबी और बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण हटाए गए। कुछ लोगों ने कार्रवाई से पहले स्वयं अपना सामान हटा लिया, जबकि कई स्थानों पर बुलडोजर चलाकर निर्माण गिरा दिए गए। पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और पीएसी के जवान तैनात रहे।प्रशासन ने कहा कि अतिक्रमण हटने के बाद नहर विभाग की जमीन को सुरक्षित कराया जाएगा, ताकि दोबारा अवैध कब्जा न हो सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।