
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया (कुशीनगर)। कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र के सोहसा मठिया गांव के समीप खजुरिया नहर की शाखा टूट जाने से आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई। तेज बहाव के कारण पानी गांव की ओर फैल गया और कई घरों तक पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। नहर टूटने से छोटी गंडक नदी किनारे स्थित सोहसा श्मशान घाट भी जलमग्न होकर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक पीएन पाठक के निर्देश पर भाजपा टेकुआटार मंडल अध्यक्ष राजेश राव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित इलाके का निरीक्षण कर ग्रामीणों से बातचीत की और नुकसान का जायजा लिया।निरीक्षण के बाद मंडल अध्यक्ष राजेश राव ने सिंचाई विभाग एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर नहर की शाखा की तत्काल मरम्मत, जलभराव की निकासी तथा प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर की स्थायी मरम्मत कर जलभराव की समस्या का समाधान कराने तथा बाधित बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की है। वहीं प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।