news-details

नहर में बोरे में मिला अज्ञात युवक का शव

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी / जामो। थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बीती रात करीब 9 बजे रेशी गांव स्थित शारदा सहायक खंड-49 नहर से एक बोरे में बंधा अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। नहर के बंधवा पुल के पास मिले इस शव से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने हत्या कर शव को बोरे में बांधकर नहर में फेंके जाने की आशंका जताई है।घटना का खुलासा तब हुआ जब नहर के चौकीदार ने नहर में एक बोरा पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जामो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बोरे को बाहर निकलवाया।बोरा खोलने पर उसमें करीब 40 वर्षीय एक युवक का शव मिला। मृतक ने नीले रंग की पैंट और सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी। उसके हाथ और गले में काला धागा बंधा हुआ था। पुलिस के अनुसार, शव कई दिन पुराना होने के कारण चेहरा खराब हो गया है, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। मृतक के मुंह, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान पाए गए हैं इन निशानों से यह आशंका जताई जा रही है कि पहले युवक की बेरहमी से पिटाई की गई और फिर उसकी हत्या कर पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को बोरे में बांधकर नहर में फेंक दिया गया। जामो पुलिस आसपास के जिलों और अन्य थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर मृतक की शिनाख्त कराने में जुटी है।घटनास्थल पर एसओजी और फोरेंसिक टीम भी पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। जामो थाना इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान के लिए अमेठी के अलावा सुल्तानपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़, अयोध्या सहित अन्य जिलों के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का विवरण मंगाया जा रहा है।