news-details

नगर निगम विवाद में आमने-सामने पार्षद

You can share this post!

विवाद को संगठन का मंच न बनाएं:अनिल दीक्षित

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। नगर निगम में भ्रष्टाचार की जांच के बीच महापौर गुट के पार्षद और बागी पार्षद के बीच विवाद तेज हो गया है। वार्ड-72 दबौली की पार्षद वंदना शर्मा के पति गुंजन शर्मा ने भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित को शिकायती पत्र देकर वार्ड-37 अशोक नगर के पार्षद पवन गुप्ता पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है। वहीं पवन गुप्ता ने मार्ग प्रकाश विभाग के लाइनमैन की बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर साझा कर गुंजन शर्मा पर निशाना साधा है।गुंजन शर्मा का आरोप है कि पवन गुप्ता कांग्रेस के पूर्व पार्षद जेपी पाल और उनके भतीजे अनुराग पाल के साथ मिलकर नगर निगम के मार्ग प्रकाश विभाग के कर्मचारियों पर दबाव बना रहे हैं। उनका दावा है कि लाइनमैन रमेश ने उन्हें इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने संगठन से पवन गुप्ता के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की।वहीं पवन गुप्ता ने कहा कि उन्हें ऑडियो में बातचीत करने वाले व्यक्ति की पहचान की जानकारी नहीं थी। उनके मुताबिक बातचीत में लाइनमैन द्वारा पार्षद पति के दबाव का जिक्र किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराना जनहित का विषय है और इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट की।पवन गुप्ता ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जनता को स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा सभी क्षेत्रों में समान विकास की है और इसी भावना के तहत खराब लाइटों की मरम्मत होनी चाहिए।भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि गुंजन शर्मा ने उन्हें शिकायत दी है। उन्होंने दोनों पक्षों के विवाद को व्यक्तिगत बताते हुए सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट हटाने और मामले को संगठन का मंच न बनाने की सलाह दी है। जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि संगठन के भीतर इस तरह के विवाद को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।

विवाद को व्यक्तिगत स्तर पर रखने के बजाय संगठन के अनुशासन का ध्यान रखा जाना चाहिए। दोनों पक्षों से सोशल मीडिया पर डाली गई आपत्तिजनक पोस्ट हटाने को कहा गया है। पार्टी के भीतर किसी भी तरह के व्यक्तिगत विवाद को संगठन का मंच बनाना उचित नहीं है। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को आपसी मतभेद बातचीत के माध्यम से सुलझाने चाहिए। संगठन ऐसे विवादों को बढ़ावा नहीं देगा और सभी से पार्टी की गरिमा बनाए रखने की अपेक्षा है।
 अनिल दीक्षित, भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष।