
PARDARSHI VIKASH NEWS नई दिल्ली। नीट पेपर लीक और CBSE के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम से जुड़े विवादों की जांच कर रही संसदीय समिति ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और CBSE से कई महत्वपूर्ण और तीखे सवाल पूछे हैं। समिति ने दोनों संस्थानों से विस्तृत लिखित जवाब तलब किया है।कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता वाली समिति ने NTA से पूछा है कि उसकी दृष्टि में ‘पेपर लीक’ की परिभाषा क्या है। साथ ही यह भी सवाल किया गया कि क्या 2018 से अब तक किसी भी परीक्षा में पेपर लीक की घटना हुई है या नहीं। समिति ने NTA के संगठनात्मक ढांचे, कर्मचारियों की संख्या और हाल के वर्षों में हुई नियुक्तियों का पूरा ब्योरा भी मांगा है।इसी तरह CBSE से ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम के टेंडर और तकनीकी प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं। समिति ने पूछा कि क्या कोएम्प्ट (Coempt) कंपनी के बैकग्राउंड की सही तरीके से जांच की गई थी या नहीं, और क्या उसे ठेका देने से पहले उसके पिछले रिकॉर्ड पर ध्यान दिया गया था।समिति ने यह भी सवाल किया कि OSM के तीसरे टेंडर में विवादित कंपनियों को अयोग्य ठहराने की शर्त क्यों हटाई गई और आंसर शीट स्कैनिंग में उन्नत रोबोटिक स्कैनर की जगह सामान्य स्कैनर के उपयोग की अनुमति क्यों दी गई।इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि इससे पहले भी कंपनी के चयन और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठते रहे हैं।