
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। बोरा फाउंडेशन एवं सेवा अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को नौबस्ता खुर्द स्थित रामलीला मैदान, मड़ियांव में 76वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराईं। कुल 138 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञों से उपचार संबंधी सलाह ली। इसके अलावा 38 पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।चिकित्सकों ने जुकाम, बुखार, कमर दर्द, घुटनों के दर्द और अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों का उपचार किया। साथ ही लोगों को संतुलित आहार, स्वच्छता और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सुझाव भी दिए।कार्यक्रम के दौरान "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत उपचार के लिए आए लाभार्थियों को पौधे भी वितरित किए गए। आयोजकों ने लोगों से पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।शिविर में स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। लाभार्थियों ने निःशुल्क जांच, परामर्श और दवा वितरण के साथ पर्यावरण संरक्षण की इस पहल के लिए बोरा फाउंडेशन और सेवा अस्पताल की सराहना की।