
पारदर्शी विकास ब्यूरो महराजगंज। जिले के लक्ष्मीपुर ब्लॉक अंतर्गत ललाईन पैशिया गांव में मंगलवार को केएमसी मेडिकल कॉलेज द्वारा आयोजित वृहद निःशुल्क चिकित्सा शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। शिविर में सैकड़ों मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल जनहित का महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुई।शिविर में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। चिकित्सकों ने लोगों को बीमारियों की रोकथाम, संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक भी किया। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे शिविर उनके लिए अत्यंत लाभकारी हैं, क्योंकि उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों से निःशुल्क परामर्श और दवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो जाती हैं।जनरल सर्जन डॉ. समशुल हक ने हर्निया, पित्त की थैली की पथरी समेत विभिन्न शल्य चिकित्सा संबंधी रोगों के लक्षणों की जानकारी देते हुए समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने का आह्वान किया। उन्होंने अधिक मात्रा में पानी पीने तथा शुद्ध एवं संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी।हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. युवराज विमल अग्रहरी ने मरीजों की जांच कर उचित परामर्श दिया। उन्होंने बताया कि घुटना एवं कुल्हा प्रत्यारोपण पुराने और असहनीय दर्द से राहत का सुरक्षित एवं प्रभावी विकल्प है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में सैकड़ों मरीज सफल प्रत्यारोपण के बाद सामान्य जीवन जी रहे हैं और दर्द से मुक्त हो चुके हैं।शिविर के सफल आयोजन में ग्राम प्रधान बलिराज तथा अस्पताल के शिवेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मरीजों की सुविधा और देखभाल के लिए नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ भी पूरे समय सक्रिय रहा।ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और चिकित्सकों की समर्पित सेवा ने इस शिविर को जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बना दिया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे आयोजन न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच बढ़ाते हैं, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और भरोसा भी मजबूत करते हैं।