
Pardarshi Vikas News Auraiya
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और सामाजिक संगठनों की प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली का शुभारंभ औरैया कोतवाली से हरी झंडी दिखाकर किया गया। इसके बाद प्रतिभागी महिलाएं स्कूटी और दोपहिया वाहनों पर सवार होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरीं। रैली के दौरान महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, स्वाभिमान और समान अधिकारों से जुड़े संदेश दिए गए।
यह जागरूकता रैली नगर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होते हुए नगर पालिका परिसर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। रास्ते भर लोगों ने रैली का स्वागत किया और महिलाओं के उत्साह की सराहना की।
समापन अवसर पर सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं और सरकार भी उनके सशक्तिकरण के लिए लगातार योजनाएं चला रही है।
कार्यक्रम में महिलाओं ने आत्मनिर्भरता, शिक्षा और सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने का संकल्प भी लिया।