news-details

निर्माण पूरा, संचालन अधूरा

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया 

 

देवरिया जिले के सलेमपुर तहसील क्षेत्र के बरसीपार में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज का भवन वर्षों पहले तैयार हो जाने के बावजूद आज तक संचालित नहीं हो सका है। इस संबंध में समाजवादी नेता प्रमोद गौतम ने जिलाधिकारी देवरिया से मुलाकात कर विद्यालय को तत्काल उसके निर्धारित भवन में संचालित कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।प्रमोद गौतम ने जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित इस महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान का भवन लंबे समय से उपयोग के अभाव में पड़ा हुआ है। इसके कारण सलेमपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को इंटरमीडिएट स्तर की शिक्षा के लिए दूरस्थ विद्यालयों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे उन्हें आवागमन, सुरक्षा और आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है।उन्होंने बताया कि विद्यालय का अपना भवन तैयार होने के बावजूद इसका संचालन वर्तमान में सलेमपुर स्थित संस्कृत विद्यालय परिसर से किया जा रहा है। उनका कहना है कि जब विद्यालय के लिए अलग भवन का निर्माण कराया जा चुका है, तो शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन उसी परिसर में शुरू किया जाना चाहिए, ताकि छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।जिलाधिकारी ने मामले की जानकारी प्राप्त करने के बाद संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट लेकर आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि छात्राओं के हितों से जुड़े इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।स्थानीय लोगों ने भी विद्यालय के शीघ्र संचालन की मांग दोहराते हुए कहा कि बरसीपार क्षेत्र में कन्या इंटर कॉलेज के शुरू होने से ग्रामीण छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उनके निकट उपलब्ध हो सकेगी। इससे बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और उच्च शिक्षा के लिए छात्राओं का पलायन भी कम होगा।गौरतलब है कि बरसीपार का राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लंबे समय से उद्घाटन और नियमित संचालन की प्रतीक्षा कर रहा है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन की पहल के बाद अब यह परियोजना धरातल पर उतर सकेगी और वर्षों से बंद पड़ा यह संस्थान जल्द ही छात्राओं के लिए खोल दिया जाएगा।