
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर कसया क्षेत्र के अहिरौली राजा गांव में शुक्रवार दोपहर निर्माणाधीन मकान पर काम करते समय हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो गया। लोहे की छड़ बिजली के तार से छू जाने पर दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी व हंगामा हुआ। जानकारी के अनुसार गांव निवासी सुनील कुमार के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण कार्य में डमरी चुरामन छपरा निवासी 53 वर्षीय श्याम लाल तथा अहिरौली राजा निवासी 30 वर्षीय नगीना मजदूरी कर रहे थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दोनों मजदूर छड़ सीधी कर रहे थे, तभी छड़ का एक सिरा मकान के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन से टकरा गया। तेज करंट की चपेट में आते ही दोनों मजदूर गंभीर रूप से झुलसकर गिर पड़े।घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने श्याम लाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल नगीना को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रविंद्रनगर धूस रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।हादसे की खबर मिलते ही मृतक और घायल मजदूर के परिवारों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि आबादी के बीच से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन लंबे समय से खतरे का कारण बनी हुई है, लेकिन विभाग ने कभी ध्यान नहीं दिया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह ने ग्राम प्रधान अजय जायसवाल समेत अन्य ग्रामीणों से वार्ता कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा मृतक परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।