news-details

नेरोलैक में वेतन को लेकर सड़क पर हंगामा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिठूर मार्ग स्थित नेरोलैक पेंट फैक्ट्री में गुरुवार को कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि और श्रमिक हितों की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कर्मचारी फैक्ट्री गेट के बाहर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए सड़क पर धरना दे दिया। इससे मार्ग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया और राहगीरों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।सूचना पर चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं बिठूर पुलिस ने भी पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकालने की व्यवस्था की और प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को शांत कराया।प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी की मांग की जा रही है, लेकिन न तो कंपनी और न ही ठेकेदार उनकी बात सुन रहे हैं। उन्होंने ठेकेदारी व्यवस्था खत्म कर सीधे भर्ती की मांग भी उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें न्यूनतम वेतन से भी कम भुगतान किया जा रहा है और ईपीएफ, बोनस जैसी सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं।कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी का पालन नहीं हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया।अधिकारियों ने बताया कि श्रमिकों से वार्ता की जा रही है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

दो दिन पहले भी प्रदर्शन हुआ
एसडीएम मनीष कुमार ने बताया कि श्रमिकों से वार्ता की जा रही है। कंपनियों की मनमानी रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों ने कर्मचारियों से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अपील की है। दरअसल, दो दिन पहले क्षेत्र की एक मसाला फैक्ट्री के श्रमिकों ने भी वेतन और श्रमिक अधिकारों को लेकर प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद मजदूरों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।