
पारदर्शी विकास न्यूज़ आगरा। महामना मालवीय मिशन, आगरा संभाग के महासचिव राकेश चन्द्र शुक्ला ने हाल ही में नेपाल प्रवास के दौरान मिशन की नेपाल इकाई के अध्यक्ष आचार्य गोरखनाथ से मुलाकात की। इस दौरान मिशन की गतिविधियों, संगठन विस्तार और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के विचारों के प्रचार-प्रसार पर विस्तार से चर्चा हुई। आचार्य गोरखनाथ लंबे समय से नेपाल में महामना मालवीय के विचारों के प्रसार में सक्रिय हैं। उन्होंने मिशन और महामना के जीवन दर्शन पर कई पुस्तकों का लेखन भी किया है। उन्होंने बताया कि नेपाल में मिशन की गतिविधियां कई वर्षों से लगातार संचालित हो रही हैं और वर्तमान में 200 से अधिक सदस्य संगठन से जुड़े हुए हैं।मुलाकात के दौरान मिशन की स्मारिका भी भेंट की गई। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता विजय शंकर तिवारी को मिशन की गतिविधियों एवं सदस्यता अभियान की जानकारी दी गई, जिसमें उन्होंने रुचि दिखाई।आचार्य गोरखनाथ ने बताया कि गत वर्ष 25 दिसंबर को नेपाल में महामना मालवीय जयंती पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसकी अध्यक्षता नेपाल की पूर्व कार्यवाहक प्रधानमंत्री एवं पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की ने की थी। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।नेपाल प्रवास के दौरान राकेश चन्द्र शुक्ला ने पशुपतिनाथ, मनोकामना देवी सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन किए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी रुचि लेते हुए वहां की प्रमुख नर्सरियों का भ्रमण किया तथा विभिन्न पौधों की प्रजातियों की जानकारी प्राप्त की।राकेश चन्द्र शुक्ला ने कहा कि नेपाल में महामना मालवीय के राष्ट्रवादी, सांस्कृतिक और शैक्षिक विचारों के प्रति लोगों का सम्मान लगातार बढ़ रहा है। यह यात्रा मिशन के अंतरराष्ट्रीय विस्तार और बढ़ते प्रभाव को समझने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुई।