
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के अमेठी-संग्रामपुर मार्ग पर केडी ईंट भट्ठे के पास नीलगाय से टकराकर बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के अनुसार रामगढ़ निवासी अर्पित पुत्र रामेश्वर बाइक संख्या UP 44 V 2472 से अमेठी की ओर से संग्रामपुर होते हुए अपने गांव लौट रहा था। केडी ईंट भट्ठे के पास अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। अर्पित कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बाइक नीलगाय से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन उसके पहुंचने में देरी होने पर घायल युवक को निजी कार से अमेठी सीएचसी ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।परिजन अर्पित को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।