
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। कमालगंज ब्लॉक के देवरान गढ़िया गांव में नालियों की नियमित सफाई न होने से हालात बिगड़ गए हैं। नालियां कचरे से पट जाने के कारण पानी का निकास बंद हो गया है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर भर गया है। जलभराव और दुर्गंध से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की सफाई व्यवस्था लंबे समय से बदहाल है। कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया। नालियों में जमा गंदे पानी से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।गांव निवासी रामलाल, शिवकुमार, रामस्वरूप, महेश और सुरेश ने बताया कि सड़कों पर जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर सड़कें कीचड़ में तब्दील हो गई हैं और शाम होते ही मच्छरों के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।खंड विकास अधिकारी अनिल चंद्रपाल ने बताया कि मामले की जानकारी मिल गई है। जल्द ही सफाई कर्मियों को भेजकर नालियों की सफाई कराई जाएगी और जलभराव की समस्या दूर करने का प्रयास किया जाएगा।ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो समस्या और गंभीर हो सकती है।