
PARDARSHI VIKASH NEWS वाराणसी नगर निगम मानसून से पहले शहर के छोटे-बड़े नालों की सफाई का कार्य तेजी से करा रहा है। यह जिम्मेदारी अध्या ट्रेडर्स को सौंपी गई है, लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा लगातार सफाई में लापरवाही की शिकायतें की जा रही थीं।इन शिकायतों के बाद नगर आयुक्त ने खुद मौके पर पहुंचकर कई इलाकों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुंदरपुर, साकेत नगर, संकट मोचन और गांधीनगर कॉलोनी सहित कई स्थानों पर नालों की सफाई मानक के अनुरूप नहीं पाई गई। कई जगह नालों में सिल्ट भरी हुई थी और झाड़-झंखाड़ तक उगे हुए मिले, जिससे साफ तौर पर काम में खानापूर्ति सामने आई।सुंदरपुर सब्जी मंडी के पास मशीनों से सफाई का काम चल रहा था, लेकिन वहां भी नाले की पूरी तरह सफाई नहीं की गई थी। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और मौके पर ही अध्या ट्रेडर्स पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।इसके साथ ही अवर अभियंता पंकज पटेल को लापरवाही बरतने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने का आदेश भी जारी किया गया।नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि 15 जून तक शहर के सभी नालों की तली-झाड़ सफाई पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि काम की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में लापरवाही मिलने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।