
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र स्थित दबौली गंगा घाट पर बीकॉम के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हो गई। रविवार सुबह गोताखोरों ने गंगा से छात्र का शव बरामद किया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।मृतक की पहचान उन्नाव कोतवाली क्षेत्र के करोवन निवासी 20 वर्षीय श्रीयांश तिवारी के रूप में हुई है। वह बीकॉम का छात्र था और लखनऊ में पार्ट-टाइम नौकरी भी करता था। परिजनों के अनुसार, शनिवार को वह काम के सिलसिले में लखनऊ जाने की बात कहकर घर से निकला था। आरोप है कि लखनऊ से आए उसके चार दोस्त उसे अपने साथ फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के दबौली गंगा घाट ले गए, जहां मंदिर दर्शन और गंगा स्नान के दौरान वह लापता हो गया।परिवार का कहना है कि शनिवार शाम करीब पांच बजे श्रीयांश घाट पर पहुंचा था और कुछ देर बाद गंगा में स्नान करने गया। देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चला। दोस्तों ने फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। रविवार सुबह गोताखोरों की मदद से गंगा से उसका शव बरामद किया गया।मृतक के चाचा कमलेश तिवारी ने बताया कि श्रीयांश नौकरी के लिए लखनऊ गया था, लेकिन उसके दोस्त उसे घाट पर ले गए। उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर संदेह जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। श्रीयांश परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन है।फतेहपुर चौरासी थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।