
पारदर्शी विकास न्यूज़ बाराबंकी। जिले की रसौली, करपिया और शमशाबाद ग्राम सभाओं में कला जत्था टीम, उत्तर प्रदेश की ओर से ‘स्वास्थ्य हमारा अधिकार है’ अभियान के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक और जनगीतों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं, सरकारी सुविधाओं और अपने स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जत्था समन्वयक तेजराम भारती ने कहा कि सरकार को स्वास्थ्य बजट बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में बेहतर जांच व्यवस्था, आवश्यक जांच उपकरण और जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य नीतियों और सरकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी होने के साथ-साथ अपने अधिकारों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए।इस दौरान मुख्य कलाकार कन्हैया और निशि सहित अन्य कलाकारों ने अभिनय, गीत और नाटक के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। कलाकारों की प्रस्तुति ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों ने कला जत्था टीम के प्रयासों और शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की।