news-details

निजी स्कूलों के खिलाफ एबीवीपी का प्रदर्शन

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सोमवार को चुन्नीगंज स्थित संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “एबीवीपी जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। एबीवीपी के प्रांत मंत्री दिनेश यादव ने बताया कि संगठन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के कई निजी स्कूल मनमाने ढंग से शुल्क वसूल रहे हैं। साथ ही अभिभावकों पर तय दुकानों से किताबें खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है, जहां किताबें अधिक कीमत पर बेची जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान भी वाहन शुल्क लिया जा रहा है। इन मुद्दों को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने संयुक्त शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने किदवई नगर स्थित एक स्कूल का मामला भी उठाया। आरोप है कि तिलक लगाकर स्कूल पहुंचे एक छात्र को शिक्षिका ने पीटा। एबीवीपी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा संगठन ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

दोषियों पर कार्रवाई की जाए
प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि किदवई नगर के एक स्कूल में तिलक लगाकर आए विद्यार्थी को शिक्षिका द्वारा पीटा गया। हम संयुक्त शिक्षा निदेशक से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं। दोषियों पर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कई अन्य मांगें भी रखीं।