
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। इंदिरानगर के तकरोही इलाके में नाइट ड्यूटी कर घर लौटे 24 वर्षीय युवक अतुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पूरा दिन फोन नहीं उठाने पर परिजनों ने पहले इसे सामान्य माना, लेकिन शाम तक संपर्क न होने और ड्यूटी पर भी न पहुंचने पर चिंता बढ़ गई। जब उसके साथी घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर युवक बिस्तर पर पेट के बल मृत अवस्था में मिला, और उसका शरीर नीला पड़ चुका था।मूल रूप से देवरिया निवासी अतुल पिछले एक वर्ष से इंदिरानगर में किराये पर रह रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।