
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र में देवा शरीफ गए परिवार के सूने मकान में हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी हुए करीब 90 प्रतिशत सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं।थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी के अनुसार, निगोहां गांव निवासी रफीकुन निशा 13 जून को परिवार के साथ देवा शरीफ गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि कमरे में रखा बक्सा टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान महुवारी बाग, निगोहां-अहिनवार मार्ग से फरीद (20) और शानू (21) को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें पहले से पता था कि परिवार घर पर नहीं है। इसी का फायदा उठाकर दोनों पीछे की दीवार फांदकर मकान में घुसे और बक्से का ताला तोड़कर जेवर चोरी कर लिए। चोरी के बाद उन्होंने सामान महुवारी बाग स्थित एक खंडहर में छिपा दिया था।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने का हार, झुमकी, अंगूठी, नाक कील, मांग टीका सहित कई आभूषण बरामद किए। इसके अलावा चांदी की पायल, हथफूल और बिछिया भी बरामद हुई है।पुलिस के मुताबिक बरामद सामान चोरी हुए कुल आभूषणों का करीब 90 प्रतिशत है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनूप कुमार तिवारी, मनीष कुमार, चंदन कुमार यादव और मोहित सैनी समेत पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।