
मनोज शुक्ला ने दिखाया सपा का दम
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर देहात। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का कानपुर देहात में कार्यक्रम में शामिल होने से पहले नौबस्ता चौराहे पर महाराजपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मनोज कुमार शुक्ला ने अपने समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। इसके बाद श्यामलाल पाल अकबरपुर में आयोजित लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 231वीं जयंती के कार्यक्रम में शामिल हुए।अकबरपुर में समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल रहे। इस दौरान अकबरपुर-रनियां विधानसभा से टिकट की दावेदारी कर रहे नेता राजा रामपाल, पूर्व एमएलसी दिलीप सिंह, पूर्व विधायक कल्लू यादव, सिकंदरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रभाकर पांडे समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने किसानों की खाद से जुड़ी समस्याओं, बिजली, बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य और किसानों की समस्याओं पर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए।श्यामलाल पाल ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और आगामी चुनाव में सपा को समर्थन मिलेगा।प्रदेश अध्यक्ष ने बिजली व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में कानपुर में बिजली उत्पादन से जुड़े कार्य किए गए थे, जबकि वर्तमान सरकार में पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है।कार्यक्रम के माध्यम से सपा ने संगठन की एकजुटता और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का संदेश दिया।

नौबस्ता चौराहे पर मनोज कुमार शुक्ला और उनके साथियों ने जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ मेरा स्वागत किया, उसके लिए मैं सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूं। समाजवादी पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के सहयोग से हम जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। — श्यामलाल पाल
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का नौबस्ता चौराहे पर स्वागत करना हमारे लिए गर्व की बात है। उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन को नई मजबूती मिलेगी। समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों, युवाओं, मजदूरों और आम जनता की आवाज उठाती रही है। हम सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का काम करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से जुटेंगे। — मनोज कुमार शुक्ला